ऑर्मी चीफ बनने वाले पहले इंजीनियर होंगे लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे, नरवणे की जगह लेंगे
लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे नए सेना प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। मनोज पांडे ऑर्मी चीफ बनने वाले पहले इंजीनियर हैं। मौजूदा सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे अप्रैल 2022 के अंत तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं। मनोज पांडे उनकी जगह लेंगे। नरवणे को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के पद के लिए सबसे आगे देखा जा रहा है। सीडीएस का पद दिसंबर 2021 में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत के असामयिक निधन के बाद खाली हो गया था। इससे पहले जनवरी 2022 में पांडे को वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में नियुक्त किया गया था। |
लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को दिसंबर 1982 में कोर ऑफ इंजीनियर्स में कमीशन दिया गया था। वह स्टाफ कॉलेज, केम्बरली (यूके) से स्नातक हैं और उन्होंने आर्मी वॉर कॉलेज, महू और दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज में हायर कमांड कोर्स में भी भाग लिया था। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने अपनी 37 साल की सेवा में ऑपरेशन विजय और ऑपरेशन पराक्रम में सक्रिय भाग लिया है।
Lt Gen Manoj Pande becomes first engineer to be appointed as Army Chief pic.twitter.com/lHh5vWBW2G
— ANI (@ANI) April 18, 2022
पिछले तीन महीनों में कुछ शीर्ष अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद पांडे सबसे वरिष्ठ बन गए हैं। लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला, जो सेना के प्रशिक्षण कमान (एआरटीआरएसी) की कमान संभाल रहे थे, 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गए। कुछ अन्य वरिष्ठ जनवरी के अंत तक सेवानिवृत्त हो गए। लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती और लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए थे।
जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद नरवणे को चीफ ऑफ स्टाफ कमिटी के चेयरमैन की जिम्मेदारी मिली थी, जो कि सीडीएस पद के सृजन के पहले वरिष्ठतम पद था। नरवणे को चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी इसलिए मिली थी, क्योंकि वह तीन सेना प्रमुखों में सबसे वरिष्ठ अधिकारी थे। ऐसे में इस बात की संभावना है कि नरवणे को अगले सीडीएस की अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।




Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें