Political
राष्ट्रपिता बापू को गाली देने वाले संत कालीचरण पर FIR, CM बघेल ने BJP पर साधा निशाना
मंगलवार, 28 दिसंबर 2021
0
रायपुर में आयोजित धर्मसंसद के समापन पर कालीचरण महाराज द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को लेकर दिए गए बयान की चारों तरफ निंदा हो रही है। जहां एक ओर धर्मसंसद इस बयान पर दो हिस्सों में बंट गई। वहीं दूसरी तरफ सियासत को भी एक मुद्दा मिल गया है। अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर भाजपा पर हमला बोला है। सीएम ने सवाल किया कि महात्मा गांधी के अपमान पर बीजेपी मौन क्यूं है?
क्या बोले सीएम?
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ये गुरु घासीदास की धरती है। यहां उत्तेजक या हिंसात्मक बातें बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। ऐसा बयान बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। सीएम ने ये भी कहा कि प्रशासन अपना काम करेगा और जितना कड़ा कदम उठाया जा सकता है, उठाएंगे। समाज में जो भी जहर घोलने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कालीचरण महाराज के खिलाफ थाना टिकरापारा, रायपुर में धारा 505(2), 294 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि "बापू को गाली देकर, समाज में विष वमन करके अगर किसी पाखंडी को लगता है कि वो अपने मंसूबों में कामयाब हो जाएंगे तो उनका भ्रम हैं। उनके आका भी दोनों सुन लें भारत और सनातन संस्कृति दोनों की आत्मा पर चोट करने की जो भी कोशिश करेगा न संविधान उसे बख्शेगा, ना जनता उन्हें स्वीकार करेगी"
बता दें रायपुर में आयोजित धर्मसंसद में पहुंचे संत कालीचरण ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके साथ ही कालीचरण महाराज ने बापू के हत्यारे नाथूराम गोडसे का महिमामंडन भी किया। उनके इस रवैये पर धर्मसंसद में भी विरोध देखने को मिल रहा है। महंत रामसुंदर दास ने बापू पर दिए विवादित बयान पर कड़ा विरोध जताया है।
कांग्रेस ने भी भाजपा को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि जब कालीचरण विवादित बयान दे रहे थे, तब भाजपा के नेता ताली बजा रहे थे। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में पूर्व सीएम रमन सिंह समेत कई भाजपा नेता शामिल हुए। हालांकि अभी तक भाजपा की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। सभी मौन साधे हुए हैं. इससे लगता है कि कालीचरण महाराज ने भाजपा नेताओं की शह पर ही इस तरह का बयान दिया हैं।
Previous article
Next article



Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें