RRB, NTPC Student Protest: छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर Khan Sir समेत कई शिक्षण संस्थाओं पर FIR दर्ज।
| ( File Photo ) |
आरआरबी, एनटीपीसी रिजल्ट (RRB, NTPC Result) को लेकर युवाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ता जा रहा हैं। बिहार में पिछले तीन दिनों से लगातार अलग-अलग जगहों पर ट्रेनें को रोके जाने और रेलवे पटरियों को जाम करने की घटनाएं सामने आई हैं। इसी बीच, चर्चित खान सर (Khan Sir) समेत कई संस्थानों के मालिकों समेत 400 से अधिक लोगों के खिलाफ पटना में एफआईआर दर्ज की गई हैं। पत्रकार नगर थाना में दर्ज किया
राज्य की राजधानी स्थित पत्रकार नगर थाने में सोमवार और मंगलवार को हुई हिंसा के बाद हिरासत में लिए गए आंदोलनकारी छात्रों के बयान के आधार पर इस मामले में केस दर्ज किया गया हैं। हिरासत में लिए गए आंदोलनकारी उम्मीदवारों ने कहा है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें हिंसा और दंगा करने की शह मिली थी, जिसमें खान सर को कथित तौर पर आरआरबी, एनटीपीसी परीक्षा रद्द नहीं होने पर छात्रों को सड़क पर आंदोलन करने के लिए उकसाते हुए देखा गया था।
उधर, छात्रों के प्रदर्शन पर खान सर ने बुधवार शाम को बयान जारी कर कहा था कि आरआरबी ने जो अभी फैसला लिया है, अगर वो 18 तारीख को ही ले लिया जाता, तो यह नौबत नहीं आती। लेकिन आज एक अच्छा कदम यह उठाया है कि 16 फरवरी तक सभी स्टूडेंट से सुझाव मांगा है। बता दें कि खान सर एक पॉपुलर कोचिंग टीचर हैं जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर खान जीएस रिसर्च सेंटर (Khan GS Research Centre) चलाते हैं और अपनी अनूठी शिक्षण शैली के लिए भी जाने जाते हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के लिए बता दें कि रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से नॉन टेक्नीकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) भर्ती सीबीटी-1 परीक्षा के रिजल्ट 14 व 15 जनवरी, 2022 को जारी किए गए थे। इस परिणाम के आधार पर सीबीटी -2 यानी दूसरे चरण की परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाना है। उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि आरआरबी एनटीपीसी परिणाम में धांधली हुई है।
इसको लेकर बिहार के कई जिलों में विरोध और रेलवे भर्ती बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए छात्र लगातार पटरियों पर उतर रहे हैं। बिहार के गया जिले में बुधवार को प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने एक यात्री ट्रेन को आग के हवाले कर दिया।
रेल मंत्री ने की छात्रों से भावुक अपील छात्रों के प्रदर्शन के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नौकरी चाह रहे अभ्यर्थियों से 'सार्वजनिक संपत्ति' को नष्ट नहीं करने का आग्रह करते हुए कहा कि यदि वे इसे नुकसान पहुंचाएंगे तो उचित कार्रवाई की जाएगी। अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'मैं अपने छात्र मित्रों से निवेदन करना चाहूंगा कि रेलवे आपकी संपत्ति है, आप अपनी संपत्ति को संभालकर रखें. आपकी जो शिकायतें और बिंदु अब तक उभर कर आए हैं उन सबको हम गंभीरता से देखेंगे। कोई भी छात्र कानून को हाथ में न ले।'
3 हफ्ते में रिपोर्ट देगी कमेटी
RRB (रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड) में एनटीपीसी यानी नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी भर्ती मामले पर आज तक के साथ खास बातचीत करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस मामले को पारदर्शिता से साथ सुलझाया जाएगा। उन्होंने कहा है कि परीक्षा में कोई भी गड़बड़ी नहीं हुई है. उनकी टीम में कई अनुभवी लोग शामिल हैं जिन्होंने इससे पहले भी इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया है। लेकिन क्योंकि छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं, ऐसे में रेल मंत्री ने कमेटी बनाने की बात कही है। जानकारी दी गई है कि वो कमेटी तीन हफ्ते के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंप देगी।



Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें