Uttarakhand Elections 2022: अमित शाह ने रुद्र प्रयाग में किया प्रचार, कहा सुशासन के लिए करें वोट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में कई चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए राज्य में पीएम मोदी द्वारा शुरू की गईं विकास परियोजनाओं को पूरा करने के लिए भाजपा को एक बार फिर जनादेश देने की आह्वान किया। इस बीच अमित शाह ने भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में श्रीनगर, कर्णप्रयाग, बदरीनाथ, केदारनाथ और थराली विधानसभा क्षेत्रों से वर्चुअल रूप से जुड़े पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि 2014, 2017 और 2019 के लोकसभा चुनावों में उत्तराखंड की जनता ने दिल खोलकर बीजेपी को आशीर्वाद दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘आपने हमारा काम देखा है। अब आपको एक बार फिर पांच साल के सुशासन के लिए भाजपा को वोट देना है जिससे यहां चल रहीं बड़ी परियोजनाएं पूरी हो सकें।’’
उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं में महत्वपूर्ण प्रगति हो चुकी है लेकिन इन्हें पूरा करने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के आशीर्वाद वाली एवं युवा सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए पूरे पांच साल का एक और कार्यकाल जरूरी है। इस बीच पिछली हरीश रावत सरकार को ‘‘घपलों, घोटालों, भ्रष्टाचार और स्टिंग ऑपरेशन’’ की सरकार बताते हुए शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार के पांच साल के कार्यकाल में विपक्ष भी उसके खिलाफ भ्रष्टाचार का एक आरोप नहीं लगा पाया।
गृह मंत्री ने रुद्रप्रयाग बाजार में घूमकर दुकानदारों तथा लोगों के बीच केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां बताने तथा भाजपा प्रत्याशी भरत सिंह चौधरी को वोट देने का अनुरोध करने वाले पर्चे बांटे। इससे पहले, शाह ने स्थानीय रुद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।



Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें